प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे में मिली पति-पत्नी और महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे में मिली पति-पत्नी और महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

(रणभेरी): प्रयागराज शहर के पुराने इलाके शाहगंज स्थित गढ़ी कला मोहल्ले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे के अंदर तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों में एक दंपति और एक अन्य महिला शामिल है। तीनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

जानकारी के मुताबिक, घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा अधखुला देखा। शक होने पर उन्होंने अंदर झांका तो कमरे में तीनों के खून से सने शव पड़े थे। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मकान में रहने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मकान मालिक के बेटे को भी पूछताछ के लिए साथ ले गई है।

छह महीने से किराए पर रह रहा था दंपति

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि उनका तीन मंजिला मकान है। वह अपने बेटे पंकज के साथ नीचे रहती हैं। पंकज ऑटो चलाता है। पहली मंजिल पर मृतक दंपति किराए पर रह रहे थे, जबकि दूसरी मंजिल पर कुछ अन्य किराएदार रहते हैं।

प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे में मिली पति-पत्नी और महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने बताया कि मृतक पति-पत्नी करीब छह महीने पहले यहां रहने आए थे। दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे और मोहल्ले के कबाड़ व्यापारी को सामान बेचते थे। दोनों सुन और बोल नहीं सकते थे, इसलिए आसपास के लोग उन्हें ज्यादा बातचीत करते नहीं देखते थे।

मकान मालकिन के अनुसार, सोमवार को एक महिला उनसे मिलने कमरे पर आई थी। उन्होंने उसे पहले कभी नहीं देखा था, इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं ली। रात में वह अपने कमरे में सोने चली गईं। मंगलवार सुबह बाहर आने पर उन्हें कमरे का दरवाजा खुला मिला। पड़ोसियों को अंदर देखने के लिए भेजा गया, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई।

रात में सुनाई दी थी तेज आवाज

ऊपरी मंजिल पर रहने वाले ऋषि सिंह ने बताया कि रात के समय उन्हें किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी। उन्हें लगा कि शायद कोई सामान गिर गया होगा, इसलिए उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सुबह उन्हें नीचे रहने वाले किराएदारों की हत्या की जानकारी मिली।

कबाड़ व्यापारी ने बताई पुरानी पहचान

कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह मृतक दंपति को करीब दो दशक से जानते थे। दोनों खुद को कोलकाता का रहने वाला बताते थे। शुरुआत में वे फुटपाथ पर रहते थे, बाद में किराए के कमरों में रहने लगे।

प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे में मिली पति-पत्नी और महिला की लाश, जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने बताया कि दंपति पहले भी इसी मकान में रह चुका था। कुछ समय के लिए दूसरी जगह चले गए थे और करीब छह महीने पहले दोबारा यहां रहने आए थे। उनके अनुसार, दंपति का किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था।

श्यामलाल ने बताया कि कमरे में मिली तीसरी महिला भी कभी-कभी दंपति के साथ कबाड़ बेचने आती थी। वह शराब पीने की आदी बताई जा रही है और घटना से एक दिन पहले भी वह नशे की हालत में दुकान पर आई थी।

पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच

डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद हुए हैं। तीनों के बोलने और सुनने में असमर्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मृतकों की पहचान, उनके संपर्कों और घटना के समय मौजूद लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *