वाराणसी (रणभेरी): सावन माह शुरू होते ही धर्मनगरी काशी में शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों का आगमन बढ़ गया है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शहर में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दशाश्वमेध क्षेत्र स्थित चितरंजन पार्क के पास एक सेवा शिविर एवं सहायता केंद्र की शुरुआत की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए रोजाना भोजन की व्यवस्था
सेवा शिविर में पूरे सावन महीने तक श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर का संचालन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। यहां आने वाले भक्तों को भोजन के साथ-साथ यात्रा संबंधी जानकारी और आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्यमंत्री ने किया सेवा शिविर का शुभारंभ
सेवा शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र “दयालु गुरु” ने किया। उन्होंने कहा कि काशी की परंपरा में सेवा और सहयोग का विशेष महत्व है। सावन के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए ऐसे सेवा केंद्र काफी उपयोगी साबित होते हैं।
30 दिनों तक जारी रहेगी सेवा
राज्यमंत्री ने बताया कि यह सेवा शिविर पूरे सावन माह तक संचालित होगा। स्वयंसेवकों की टीम लगातार श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मौजूद रहेगी। भोजन व्यवस्था के अलावा भक्तों को मार्गदर्शन और जरूरत के अनुसार अन्य मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सेवा भाव से जुटे स्वयंसेवक
कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। सावन भर स्वयंसेवक शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखेंगे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश शर्मा, बेरीवाल, कन्हैया दुबे, अमित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सावन माह में श्रद्धालुओं की निःस्वार्थ सेवा का संकल्प लिया।
