वाराणसी (रणभेरी): आगामी सावन मास के दौरान लगने वाले मेले तथा अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने क्षेत्र के व्यापारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन योजना, सड़क निर्माण कार्य, अस्थायी बाजारों की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने आगामी सावन मेले को लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। इस पर एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने कहा कि व्यापारियों की ओर से रखे गए प्रत्येक सुझाव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेले के दौरान लागू होने वाली यातायात व्यवस्था और डायवर्जन से संबंधित सभी पहलुओं का संतुलित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सावन के दौरान लाखों श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि पूरे मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे।

बैठक में उपस्थित दशाश्वमेध व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि दशाश्वमेध और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को सावन मेले के आरंभ होने से पहले पूरा कराया जाना आवश्यक है। उनका कहना था कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों दोनों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
व्यापार मंडल की ओर से अस्थायी बाजारों के संचालन को लेकर भी सुझाव दिए गए। व्यापारियों ने कहा कि सावन मेले के दौरान लगने वाले अस्थायी बाजारों का समय इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि स्थायी दुकानदारों के व्यापार और आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। बाजार लगाने और हटाने के लिए तय समय निर्धारित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान कुछ व्यापारियों ने श्रद्धालुओं से दर्शन कराने के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायतों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि ऐसे मामलों से काशी आने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना आहत होती है और शहर की छवि भी प्रभावित होती है। इस पर व्यापारियों ने ऐसे लोगों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने कहा कि इस विषय को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित थाना प्रभारियों तथा चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति श्रद्धालुओं से अवैध वसूली या अन्य प्रकार की अनुचित गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सावन मेले के दौरान प्रशासन और व्यापारियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा, जिससे किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। सभी पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि बेहतर तालमेल, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और सुविचारित यातायात प्रबंधन के माध्यम से सावन मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
