कार-बाइक की मामूली टक्कर के बाद बवाल, बाल पकड़कर पीटा, कपड़े फाड़ने की कोशिश, छेड़छाड़ और रेप की धमकी; एक आरोपी गिरफ्तार
(रणभेरी): गोरखपुर शहर के शाहपुर क्षेत्र में सड़क पर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पिता का इलाज कराने रेलवे अस्पताल जा रही 24 वर्षीय युवती के साथ बीच सड़क दबंगों ने मारपीट, अभद्रता और छेड़छाड़ की। आरोप है कि युवती को बाल पकड़कर पीटा गया, उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया गया और गलत तरीके से छूते हुए रेप व जान से मारने की धमकी दी गई।
पूरी घटना उस समय हुई जब युवती के बीमार पिता कार में मौजूद थे और असहाय होकर अपनी बेटी के साथ हो रही बर्बरता देखते रहे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन आरोपियों का हौसला कम नहीं हुआ।
घटना 9 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। शुक्रवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में कुछ युवक युवती के साथ मारपीट करते, उसके बाल खींचते और कार में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी।

पिता को अस्पताल ले जाते समय हुआ विवाद
पीड़िता, जो रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की निवासी है, ने पुलिस को बताया कि वह अपने बीमार पिता को ग्रैंड विटारा कार से रेलवे अस्पताल लेकर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक चालक अचानक उसकी कार के सामने आ गया और दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
युवती का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक सवार ने उससे अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और जबरन माफी मांगने का दबाव बनाने लगा। युवती ने खुद को निर्दोष बताते हुए माफी मांगने से इनकार किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
स्कॉर्पियो से पहुंचे युवक, बीच सड़क शुरू कर दी पिटाई
आरोप है कि कुछ ही देर में बाइक सवार ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। काली स्कॉर्पियो से पहुंचे कई युवकों ने युवती को कार से बाहर निकालने की कोशिश की और उसके बाल पकड़कर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया गया और उसके साथ अश्लील हरकतें भी की गईं। विरोध करने पर आरोपियों ने रेप और हत्या की धमकी भी दी।

कार में भी की तोड़फोड़
दबंगों का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने युवती की कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। पीड़िता लगातार आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी काफी देर तक उत्पात मचाते रहे।
पुलिस की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
घटना के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी युवती के साथ मारपीट और अभद्रता करते रहे। वहीं कुछ दूरी पर खड़े बीमार पिता अपनी बेटी को बचाने में असमर्थ दिखाई दिए। इस घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं
पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर थाने में पहले अज्ञात बाइक चालक और स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शुरुआती एफआईआर में अपेक्षाकृत हल्की धाराएं लगाई गई थीं, लेकिन मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास, महिला की लज्जाभंग, मारपीट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ दीं।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
एसपी सिटी निमिष पाटिल के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पादरी बाजार के मोहनापुर इलाके का निवासी है। अन्य आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदनी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
