वाराणसी में रेलवे ट्रैक के बीच मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

वाराणसी में रेलवे ट्रैक के बीच मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

वाराणसी (रणभेरी): जंसा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सारंगपुर गांव के निकट की है, जहां सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक का शव रेलवे लाइन के दोनों ट्रैक के बीच पड़ा हुआ था। उसके सिर और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवक किसी ट्रेन की चपेट में आया होगा, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य ऐसी वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे उसकी पहचान स्थापित की जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही जंसा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *