वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात युवक अचानक खड़ी मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ गया और अर्धनग्न अवस्था में वहीं बैठ गया। तेज धूप के बीच करीब आधे घंटे तक वह बोगी के ऊपर ही मौजूद रहा, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान कई यात्री और मौजूद लोग यह दृश्य देखकर हैरान रह गए। कुछ लोग मौके पर वीडियो बनाने में जुट गए, जबकि कई यात्रियों ने युवक को समझाकर नीचे उतरने की कोशिश की। इस दौरान सबसे बड़ी आशंका ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को लेकर बनी रही, लेकिन सौभाग्य से युवक किसी भी तार के संपर्क में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक प्रयासों में युवक को नीचे उतारना मुश्किल साबित हुआ। इसी दौरान जीआरपी के एक जवान अरुण कुमार उसे बचाने की कोशिश में असंतुलित होकर ट्रैक पर गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया और तीन से चार जवानों ने मिलकर सावधानीपूर्वक बोगी पर चढ़कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। पूरी कार्रवाई काफी सतर्कता और मशक्कत के बाद सफल हो सकी।

पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिले हैं और पूछताछ के दौरान वह अपना नाम और पता भी स्पष्ट नहीं बता सका।

जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक की पहचान स्थापित करने और उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल उसे सुरक्षित निगरानी में रखा गया है और आगे की कानूनी व चिकित्सा प्रक्रिया जारी है। स्टेशन पर हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए रेल संचालन और यात्रियों की आवाजाही को भी प्रभावित किया, हालांकि स्थिति नियंत्रित कर ली गई है।
