वाराणसी (रणभेरी): केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के विभिन्न आयामों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में एक विशेष मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
‘वार्तालाप’ नामक इस कार्यशाला का आयोजन डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इन्फॉर्मेशन डिसेमिनेशन (डीसीआईडी) कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास संबंधी पहलों की जानकारी जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को और सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल और विशिष्ट अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने देश के विकास में मीडिया की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए संवाद और सूचना प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास और परिवर्तन की नई दिशा में तेज गति से कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं ने सामाजिक और आर्थिक बदलाव को गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल सेवाओं के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। इससे देश की विकास यात्रा को नई मजबूती मिली है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया और कहा कि विकास की प्रक्रिया तभी सफल होगी जब आमजन उसमें सहभागी बनेंगे।

कार्यशाला के दौरान केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। इसमें आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल इंडिया अभियान, महिला सशक्तिकरण, किसान हित से जुड़ी योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम तथा विभिन्न नीतिगत सुधारों की जानकारी साझा की गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि तकनीक आधारित सेवाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और पहुंच को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही विकसित भारत के विजन और आने वाले वर्षों की विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पत्र सूचना ब्यूरो के संयुक्त निदेशक दिलीप शुक्ला ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकासपरक समाचारों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम मीडिया ही है, जो योजनाओं की जानकारी को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सूचना का सटीक और जिम्मेदार प्रसार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से मीडिया और सरकारी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और विकास, सुशासन तथा जनसंपर्क के क्षेत्र में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और सूचना प्रसार से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
