“तुम हंस क्यों रहे हो?” पपी को चोट पहुंचाने के आरोप पर रूसी व्लॉगर का फूटा गुस्सा

“तुम हंस क्यों रहे हो?” पपी को चोट पहुंचाने के आरोप पर रूसी व्लॉगर का फूटा गुस्सा

वाराणसी (रणभेरी): शहर के नारद घाट इलाके की एक संकरी गली में घायल पपी को लेकर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक विदेशी महिला ने स्थानीय युवक पर पिल्ले को चोट पहुंचाने का आरोप लगा दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और सड़क पर जुटी भीड़ साफ दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला रूस की कंटेंट क्रिएटर और एनिमल रेस्क्यू से जुड़ी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर “पिंक नताशा” हैं, जो लंबे समय से वाराणसी में रहकर आवारा कुत्तों की देखभाल करती रही हैं।

घायल पपी को गोद में लेकर युवक से भिड़ीं महिला

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विदेशी महिला एक छोटे पपी को गोद में लिए हुए हैं। पपी का एक पैर घायल दिखाई दे रहा है। महिला लगातार एक युवक पर आरोप लगाती नजर आती हैं कि उसने पिल्ले को नुकसान पहुंचाया है। घटना के दौरान महिला काफी भावुक और गुस्से में दिखाई देती हैं। वह युवक से बार-बार सवाल करती हैं कि आखिर वह हंस क्यों रहा है। वीडियो में दोनों के बीच तेज बहस होती दिख रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहते हैं। कुछ लोग वहां हंसते हुए भी दिखाई देते हैं, जिससे महिला का गुस्सा और बढ़ जाता है। इसी बीच सड़क पर भीड़ जमा हो जाती है और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन जाती है।

वीडियो में धक्का-मुक्की और तनाव का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। वीडियो में महिला युवक की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं, जबकि युवक खुद को निर्दोष बताते हुए सफाई देता नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना अचानक बढ़ गई, जिसके कारण आसपास मौजूद राहगीर भी रुककर तमाशा देखने लगे। हालांकि इस मामले में आधिकारिक तौर पर किसी पक्ष की ओर से पुलिस शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।

कौन हैं पिंक नताशा?

पिंक नताशा सोशल मीडिया पर सक्रिय एक विदेशी व्लॉगर हैं, जिन्हें वाराणसी में रहने वाले लोग अच्छी तरह पहचानते हैं। बताया जाता है कि वह हर साल बनारस आती हैं और यहां के घाटों व गलियों में घूमकर स्ट्रीट डॉग्स की देखभाल करती हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अक्सर घायल जानवरों के इलाज, आवारा कुत्तों को खाना खिलाने और पशु क्रूरता के खिलाफ जागरूकता से जुड़े वीडियो साझा किए जाते हैं। भारत में उनके आध्यात्मिक अनुभव और बनारस की जीवनशैली से जुड़े कंटेंट भी सोशल मीडिया पर काफी देखे जाते हैं।

“तुम हंस क्यों रहे हो?” पपी को चोट पहुंचाने के आरोप पर रूसी व्लॉगर का फूटा गुस्सा

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

नारद घाट क्षेत्र में रहने वाले यश चतुर्वेदी ने बताया कि विदेशी महिला का इलाके के कुत्तों से काफी लगाव है। उन्होंने कहा, “वह हर साल यहां आती हैं और गलियों में घूमकर आवारा कुत्तों की देखभाल करती हैं। कई लोग उन्हें जानवरों की मदद करते हुए देख चुके हैं।” यश ने आगे बताया कि काशी में हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं, जिनका किसी न किसी सामाजिक या आध्यात्मिक विषय से जुड़ाव रहता है। उनके अनुसार, यदि किसी जानवर के साथ गलत व्यवहार होता दिखता है तो महिला भावुक होकर प्रतिक्रिया देती हैं।

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग घायल पपी को लेकर चिंता जता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *