वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में सोमवार को जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ajay Rai के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए दोनों नेताओं का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ भ्रामक बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि देश और प्रदेश की जनता विकास, सुरक्षा और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है, जबकि कांग्रेस केवल विवादित बयानों के सहारे राजनीतिक माहौल बिगाड़ने में लगी हुई है।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराते हुए डीएम की गाड़ी रोकने का प्रयास किया और ज्ञापन सौंपकर अजय राय के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजयुमो नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि अजय राय की हिस्ट्रीशीट दोबारा खोली जाए और उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की निष्पक्ष जांच कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अजय राय के खिलाफ वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में उनके खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस राजनीतिक विचारधारा और संगठन के सहारे अजय राय ने अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया, आज उसी विचारधारा के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उन्होंने काशी की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग भी की थी।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं की ओर से इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं कांग्रेस की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
