वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। घटना काशीराम आवास परिसर की बताई जा रही है, जहां युवती को टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
जानकारी के अनुसार इंद्रपुर क्षेत्र में किराए पर रहने वाली खुशी गुप्ता नाम की युवती मंगलवार दोपहर अचानक काशीराम आवास इलाके में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। युवती को ऊंचाई पर खड़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में इलाके में तमाशबीनों की भीड़ लग गई और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार एक ही मांग दोहराती रही कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए। युवती का कहना था कि परिवार वाले उसके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान है। उसने चेतावनी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह जान दे देगी।
घटना की जानकारी मिलते ही काशीराम आवास चौकी प्रभारी प्रवीण सचान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। बाद में उसके परिजनों को भी बुलाया गया। परिवार के लोगों ने भी उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती जिस युवक से शादी करना चाहती है, उसका नाम कुणाल बताया जा रहा है, जो शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना भरलाई इलाके का निवासी है। बताया जा रहा है कि युवक कुछ समय पहले युवती से जुड़े एक अपहरण मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।
सूत्रों के मुताबिक युवती के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
शिवपुर थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के प्रेमी कुणाल को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि बातचीत के जरिए युवती को शांत कराया जा सके। पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने में जुटे रहे।
इस पूरी घटना को लेकर इलाके में देर तक चर्चा होती रही। बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और पानी की टंकी के नीचे लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।
