सड़क से हटे ठेले और वाहन, अतिक्रमणकारियों को दी गई चेतावनी
वाराणसी (रणभेरी): रामनगर थाना क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और लगातार जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। चौक-चौराहों से लेकर किला मार्ग, पंचवटी रोड और साहित्य नाका मोड़ तक पुलिस ने कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास किया। अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन हटाए गए और अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी भी दी गई। अभियान का नेतृत्व नवागत प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने किया।
उनके साथ कस्बा प्रभारी शिवम सोनी, अमित कुमार यादव, मनीष मौर्या और ओमप्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने साउंड सिस्टम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर ऑटो, टोटो, ठेला और खोमचा संचालकों को सड़क पर कब्जा न करने और आवागमन बाधित न करने की हिदायत दी।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगे कई ठेले, अस्थायी दुकानें और अवैध अतिक्रमण हटाए गए। पुलिस की सक्रियता और सख्ती देखकर कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। सड़क पर खड़े वाहनों को भी हटाकर मार्ग को सुचारु बनाया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा के लिए हैं। उन पर अवैध कब्जा या वाहन खड़ा करने से लोगों को परेशानी होती है और जाम की समस्या बढ़ती है। उन्होंने दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल की सराहना की।
