- कज्जाकपुरा में सीवर समस्या पर महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
- नई सीवर लाइन को लेकर आक्रोश, 14 जून तक कार्य शुरू करने का मिला आश्वासन
वाराणसी (रणभेरी): कज्जाकपुरा (आरओबी) क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सीवर लाइन और जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार को सपाइयों ने भेलूपुर स्थित जलकल विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा नेता एवं दक्षिणी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी किशन दीक्षित तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ‘विश्वकर्मा’ ने किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेताओं ने आरोप लगाया कि आरओबी शुरू होने के बावजूद क्षेत्र में नई सीवर पाइपलाइन न बिछने से बारिश के दौरान घरों में पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। इस पर जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि नई सीवर लाइन के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा और 14 जून तक कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में कई सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
