सारनाथ फ्लाईओवर पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, चालक समेत दो लोग बाल-बाल बचे

सारनाथ फ्लाईओवर पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, चालक समेत दो लोग बाल-बाल बचे

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में रविवार देर रात सारनाथ फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार धुएं और लपटों से घिर गई। घटना के दौरान कार में सवार दो युवकों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई गांव निवासी अभिलाष सिंह अपने एक साथी के साथ स्विफ्ट कार से सारनाथ गए थे। खरीदारी के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़िया से सारनाथ की ओर जाते समय फ्लाईओवर पर कार में तकनीकी खराबी आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फ्लाईओवर पर चढ़ते समय कार के बोनट से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही क्षण बाद चिंगारी उठी और आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग बढ़ती देख कार सवार तुरंत वाहन छोड़कर दूर भाग गए।

सारनाथ फ्लाईओवर पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, चालक समेत दो लोग बाल-बाल बचे

घटना के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। आग की तेज लपटों और टंकी फटने की आशंका के चलते दोनों तरफ से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। वाहन के अंदर रखा सामान और सीटें भी राख हो गईं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *