आंधी-बारिश के बाद बढ़ी तपिश, काशी में लू का खतरा गहराया

आंधी-बारिश के बाद बढ़ी तपिश, काशी में लू का खतरा गहराया

मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी, 19 मई तक भीषण गर्मी के आसार

वाराणसी (रणभेरी): पिछले दिनों आई तेज आंधी और बारिश से लोगों को मिली राहत अब खत्म होती दिखाई दे रही है। मौसम साफ होते ही जिले में गर्मी ने अचानक तेवर बदल लिए हैं। मौसम विभाग ने 16 से 19 मई के बीच तीखी धूप, उमस और गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और लू जैसी स्थिति बन सकती है।

शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर धूप काफी तेज रही और करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रहीं। मौसम में नमी रहने के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा।

इसके पहले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2.6 डिग्री कम माना गया। दिनभर लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहती रही और वातावरण में नमी 60 प्रतिशत से अधिक बनी रही। हालांकि सुबह और शाम हल्की राहत महसूस हुई, लेकिन दोपहर में तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।

पूर्वांचल के कई जिलों में यलो अलर्ट

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लू चलने की पूरी संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में काशी क्षेत्र पूरी तरह लू की चपेट में आ सकता है। उन्होंने कहा कि आगामी छह से सात दिनों के दौरान तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसका असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई देगा।

47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं रात का तापमान भी बढ़कर करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। यदि तापमान इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो यह इस मौसम की सबसे तीखी गर्मी साबित हो सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। डॉक्टरों ने अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है।

आंधी और बारिश से हुआ नुकसान

बुधवार को जिले में आई तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया। जिला प्रशासन की ओर से कराए गए प्रारंभिक सर्वे में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार आंधी की वजह से छह पशुओं की मौत हो गई, जबकि 14 मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा चार पशुबाड़े भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई ग्रामीण इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की शिकायतें भी सामने आईं।

स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में

भीषण गर्मी की चेतावनी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। डॉक्टरों ने कहा है कि चक्कर आना, तेज बुखार, कमजोरी और उल्टी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को समय-समय पर आराम करने और पानी पीने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने पशुपालकों से भी जानवरों को छांव और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को कहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *