स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

वाराणसी में 600 से अधिक सफाई कर्मियों का सम्मान, मुख्यमंत्री ने स्वयं भोजन परोसकर जताया सम्मान | डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय ‘वार्ड प्रयास’ अभियान की सराहना

वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छता मित्र समाज की व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके श्रम और योगदान का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की ओर से चलाए गए 76 दिवसीय ‘वार्ड प्रयास’ अभियान की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से बदलाव लाने की एक अच्छी पहल बताया।

गुरुवार को रामकटोरा स्थित सरोज पैलेस में आयोजित ‘स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मी उस समय भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं। शहर को स्वच्छ रखने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। ऐसे कर्मियों का सम्मान समाज के प्रति उनके योगदान को स्वीकार करने का माध्यम है।

स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

403 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी पहल से आएगा बदलाव

मुख्यमंत्री ने डॉ. नीलकंठ तिवारी के अभियान को अभिनव पहल बताते हुए कहा कि यदि प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधि इसी तरह समाज के बीच पहुंचकर काम करें, तो व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने से व्यवस्था में नकारात्मकता आने की आशंका रहती है। ऐसे में जनता के बीच सक्रिय रहकर और सेवा कार्यों के जरिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की अपनी कार्यप्रणाली और सीमाएं होती हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की आम लोगों तक सीधी पहुंच उन्हें समाज की समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में काम करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 दिनों तक लगातार लोगों के बीच पहुंचकर इसी भावना के साथ काम किया।

स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

600 से अधिक सफाई कर्मियों को मिला सम्मान

समारोह में नगर निगम और जलकल विभाग से जुड़े 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 सफाई मित्रों को अपने हाथों से सम्मान प्रदान किया। इस दौरान सफाई कर्मियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया गया। उन्हें कार्य से संबंधित किट भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों के साथ उनके परिजन और अन्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने स्वयं परोसा भोजन

समारोह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों के बीच पहुंचकर उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा। उन्होंने महिला और पुरुष कर्मचारियों से उनकी पसंद पूछते हुए भोजन वितरित किया। सफाई कर्मियों ने भी मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को सम्मान और आत्मीयता से जुड़ा अनुभव बताया।

सम्मान पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे खिले
सम्मानित सफाई कर्मी वसीम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने पुष्पवर्षा के साथ सफाई कर्मियों का स्वागत किए जाने को सुखद अनुभव बताया।

वसीम के अनुसार, पहले वेतन मिलने में देरी और कटौती जैसी समस्याएं सामने आती थीं, जबकि अब उन्हें समय पर पूरा वेतन मिलने की स्थिति में सुधार महसूस हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से इस तरह सम्मानित किए जाने की उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। समारोह में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

स्वच्छता मित्र समाज की नींव, उनका सम्मान करना गौरव की बात : योगी आदित्यनाथ

जनप्रतिनिधियों सहित कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम और डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे।

इसके अलावा पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *