- नगर आयुक्त का साजन तिराहा पर औचक निरीक्षण
- नाला सफाई में सुस्ती और अतिक्रमण पर जताई नाराजगी
वाराणसी (रणभेरी): जलजमाव से बचाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साजन तिराहा स्थित मुख्य एवं गहरे नाले की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति और नाले के मुहाने पर हुए अवैध अतिक्रमण को देख नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।स्थलीय जायजा लेने पहुंचे नगर आयुक्त ने पाया कि नाले के ऊपर बने पाथवे और आसपास के किनारों पर स्थानीय दुकानदारों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने अतिक्रमण कर रखा है।
इस अवैध कब्जे के कारण न केवल सफाई कर्मियों को दिक्कत हो रही है, बल्कि मशीनों के संचालन में भी बाधा आ रही है। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अतिक्रमणकारियों को तत्काल नोटिस जारी कर चेतावनी दी जाए। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि यदि अवैध कब्जा स्वयं नहीं हटाया गया, तो नगर निगम बलपूर्वक अतिक्रमण हटाएगा और इसका खर्च जुर्माने के तौर पर संबंधित दुकानदार से ही वसूला जाएगा।नगर आयुक्त ने आगामी वर्षा ऋतु की गंभीरता को देखते हुए निर्देश दिया कि नाले की ‘तल्ली झाड़’ सफाई (पूरी गहराई तक) सुनिश्चित की जाए, ताकि पानी का बहाव निर्बाध रहे।
उन्होंने अधिकारियों को डेडलाइन देते हुए कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की समयबद्धता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अक्सर देखा जाता है कि नालों से निकाली गई सिल्ट (कीचड़) हफ्तों तक सड़क किनारे पड़ी रहती है, जिससे गंदगी और जाम की स्थिति बनती है। इसे गंभीरता से लेते हुए हिमांशु नागपाल ने आदेश दिया कि नाले से निकाली गई सिल्ट को 24 घंटे के भीतर मौके से हटाया जाए। उन्होंने मुख्य अभियंता और सहायक अभियंता को निर्देश दिया कि सिल्ट का निस्तारण केवल निर्धारित डंपिंग यार्ड में ही हो, ताकि यातायात बाधित न हो और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
