वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रामनगर क्षेत्र में लगाए गए कथित आपत्तिजनक पोस्टरों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में PDA राजनीति और अखिलेश यादव की बढ़ती स्वीकार्यता से घबराकर विरोधी दल उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
मामला रामनगर के PAC तिराहे का है, जहां अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों की जानकारी मिलते ही सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। महानगर पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष विवेक राकी, महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सौरभ आनंद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

पुलिस की मौजूदगी में पोस्टर हटाए गए और नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।सपा नेताओं ने कहा कि पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब वर्ग की आवाज उठाने वाले नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे को भी उठाया। उनका कहना था कि सरकार ने पहले प्रीपेड स्मार्ट मीटर लागू कर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालने की कोशिश की, लेकिन जनता और विपक्ष के विरोध के बाद उसे पीछे हटना पड़ा।
