यूपी बोर्ड के अधिकांश विद्यालय पोर्टल पर समय से नहीं दे पा रहे अपडेट
वाराणसी (रणभेरी)। यूपी बोर्ड से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति और शैक्षणिक सूचनाएं अपलोड करने की रफ्तार धीमी बनी हुई है। शिक्षा विभाग की ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जिले के कई स्कूल अब तक पोर्टल पर नियमित रूप से डाटा अपलोड नहीं कर पा रहे हैं। इससे डिजिटल निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रदेश स्तर पर 5 मई 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 33,195 विद्यालयों में से केवल 1,516 स्कूलों ने ही ऑनलाइन सूचनाएं अपलोड की हैं, जो महज 4.57 प्रतिशत है। वाराणसी के कई विद्यालय भी इस प्रक्रिया में पीछे चल रहे हैं। विभागीय जानकारी के मुताबिक तकनीकी समस्याओं, इंटरनेट की दिक्कत और लापरवाही के कारण समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है।
रिपोर्ट में सहायता प्राप्त विद्यालयों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई गई है, जबकि वित्तविहीन और कुछ राजकीय स्कूलों में ऑनलाइन अपडेट की स्थिति कमजोर बनी हुई है। वाराणसी में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी स्कूलों को समय से उपस्थिति और अन्य शैक्षणिक सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है ताकि लापरवाही करने वाले विद्यालयों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विभाग का दावा है कि डिजिटल व्यवस्था से शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।
