वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए उसके पास से अवैध हथियार, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी का इलाज पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, तड़के शिवपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह तेज रफ्तार में भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद युवक ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान भेलूपुर क्षेत्र के किरहिया निवासी बादल साहनी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, 3630 रुपये नकद और बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल को विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक लूटी गई चेन को बेच दिया गया था और प्राप्त रकम का कुछ हिस्सा खर्च कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल करते थे और इलाके में फिर से लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
