(रणभेरी): बलिया जिले के मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के पास बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में चल रहा एक मैजिक वाहन पहले अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद पीछे से आ रही एक ट्रक ने सड़क पर गिरे यात्रियों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जो छपरा के ब्रह्मपुर में आयोजित एक शादी समारोह में डांस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद बलिया के नरही क्षेत्र स्थित लक्ष्मणपुर चट्टी लौट रहे थे। रास्ते में इनई गांव के पास वाहन असंतुलित होकर पलट गया और कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
लखनऊ निवासी आर्केस्ट्रा संचालक अशोक राम ने बताया कि हादसे में शामिल सभी लोग लखनऊ के रहने वाले थे और वे ‘मुस्कान ऑर्केस्ट्रा’ टीम से जुड़े हुए थे। यह टीम शादी समारोह में प्रस्तुति देकर लौट रही थी।
दुर्घटना में मृतकों की पहचान राहुल, अवधेश, प्रीति और सोनी के रूप में हुई है। इनमें तीन डांसर भी शामिल थीं। हादसे के बाद दो अन्य कलाकारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
