(रणभेरी): बुधवार सुबह बलिया जिले के बांसडीह कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद में उसके साथ मारपीट की गई और उससे धनराशि भी छीन ली गई, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांसडीह कस्बे के उत्तर टोला स्थित फतेसागर पोखरा क्षेत्र निवासी धनजी वर्मा बुधवार की सुबह अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद उसने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी मांगों को सार्वजनिक किया। युवक का कहना था कि उसके माता-पिता, भाई और भाभी ने उसके साथ मारपीट की तथा उससे पैसे भी छीन लिए। उसने बताया कि इस संबंध में वह कई दिनों से थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
टावर के ऊपर से युवक लगातार पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करता रहा। उसका कहना था कि जब तक उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। युवक ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। बांसडीह थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित किया और उसे शांत करने तथा सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की।
काफी देर तक पुलिस और युवक के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा और टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
