नूंह में भीषण सड़क हादसा: जालौन पुलिस टीम की स्कॉर्पियो टकराई, 4 पुलिसकर्मियों और ड्राइवर समेत 5 की मौत

नूंह में भीषण सड़क हादसा: जालौन पुलिस टीम की स्कॉर्पियो टकराई, 4 पुलिसकर्मियों और ड्राइवर समेत 5 की मौत

(रणभेरी): अपहरण के एक मामले की जांच के सिलसिले में हरियाणा गई उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में चार पुलिसकर्मियों और एक वादी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में गहरा शोक व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरई कोतवाली में दर्ज अपहरण के मामले में एक टीम हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में पहुंची थी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ओवरटेक के प्रयास में वाहन नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया।

नूंह में भीषण सड़क हादसा: जालौन पुलिस टीम की स्कॉर्पियो टकराई, 4 पुलिसकर्मियों और ड्राइवर समेत 5 की मौत

हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, कांस्टेबल प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) तथा कांस्टेबल अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही जान चली गई। इनके अलावा मामले के वादी, पंजाब के संगरूर निवासी अमरीक सिंह की भी इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

नूंह में भीषण सड़क हादसा: जालौन पुलिस टीम की स्कॉर्पियो टकराई, 4 पुलिसकर्मियों और ड्राइवर समेत 5 की मौत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम दबिश देने हरियाणा गई थी, जहां यह हादसा हो गया।

इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हरियाणा सरकार के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीरों को शीघ्र परिजनों तक पहुंचाया जाए और आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं।

एक ही घटना में पांच लोगों की मौत से जालौन समेत कई जिलों में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गम की लहर दौड़ गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *