गोरखपुर में दर्दनाक हादसा: पतंग उड़ाते समय किशोर सरिया पर गिरा, सर्जरी से बची जान

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा: पतंग उड़ाते समय किशोर सरिया पर गिरा, सर्जरी से बची जान

(रणभेरी): गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पतंग उड़ाते समय एक 14 वर्षीय किशोर गंभीर हादसे का शिकार हो गया। छत पर अधूरे निर्माण में निकली लोहे की सरिया उसके सीने से होते हुए गर्दन तक आर-पार हो गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लंबी सर्जरी के बाद उसकी जान बचा ली।

जानकारी के मुताबिक, इलाहीबाग के लाला टोली क्षेत्र में रहने वाले अमरेश श्रीवास्तव का बेटा हर्ष सुबह करीब 9 बजे घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। छत पर निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण कई जगहों पर सरिया बाहर निकली हुई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे एक पिलर की सरिया पर गिर गया।

घटना के बाद हर्ष जोर-जोर से चीखने लगा। आवाज सुनकर उसकी मां अदिति तुरंत छत पर पहुंचीं। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए-बेटा सरिया में फंसा हुआ दर्द से तड़प रहा था। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और किराएदार को बुलाया।

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा: पतंग उड़ाते समय किशोर सरिया पर गिरा, सर्जरी से बची जान

किराएदार आकाश ने मौके की गंभीरता समझते हुए सरिया निकालने की कोशिश करने से मना किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पास में काम कर रहे एक मजदूर को बुलाकर सरिया को काटा गया, ताकि बच्चे को सुरक्षित नीचे लाया जा सके।

मां अदिति हर्ष को उसी हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब दो घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद सरिया को सावधानीपूर्वक निकाला गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सरिया बच्चे के सीने के दाहिने हिस्से से घुसकर गर्दन के पास तक पहुंच गई थी, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों का कहना है कि परिजनों ने समझदारी दिखाते हुए सरिया को खुद निकालने की कोशिश नहीं की, जिससे अधिक खून बहने से बचाव हुआ और इलाज संभव हो सका। फिलहाल हर्ष की हालत में सुधार बताया जा रहा है और उसे निगरानी में रखा गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *