वाराणसी (रणभेरी): काशी के पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने एक दोस्त के साथ वाराणसी घूमने आया था और गंगा स्नान के बाद दोनों काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने जाने वाले थे।
जानकारी के अनुसार स्नान करते समय युवक गहरे पानी की ओर चला गया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
मृतक की पहचान श्याम कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब दोनों युवक गंगा में स्नान कर रहे थे, उस समय उनका साथी मोबाइल से फोटो ले रहा था। घाट पर मौजूद नाविकों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से मना भी किया था, लेकिन उन्होंने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब आधे घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एनडीआरएफ के गोताखोरों ने युवक को गंगा से बाहर निकाला।
मेडिकल जांच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।
बताया जा रहा है कि श्याम कुमार ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
