वाराणसी छावनी में तेंदुए की दहशत बरकरार, गोरखपुर से बुलाई गई पशु चिकित्सकों की टीम

वाराणसी छावनी में तेंदुए की दहशत बरकरार, गोरखपुर से बुलाई गई पशु चिकित्सकों की टीम

चार दिन से नहीं मिले पगचिह्न, वन विभाग की तीन टीमें कर रहीं तलाश; सेंट मैरी स्कूल में 24 घंटे निगरानी

वाराणसी (रणभेरी): छावनी क्षेत्र में तेंदुए की आहट से दहशत बरकरार है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अब गोरखपुर से पशु चिकित्सकों की टीम बुलाई है। टीम वन विभाग के अधिकारियों के साथ इलाके में डेरा डालकर तेंदुए की तलाश में जुटी है। उसकी गतिविधियों और लोकेशन का पता चलने के बाद ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने की तैयारी है। हालांकि, पिछले चार दिनों से सेंट मैरी स्कूल, 39 जीटीसी और नदेसर के छोटा कटिंग इलाके में तेंदुए के पगचिह्न नहीं मिले हैं। ऐसे में उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।

वन विभाग ने तेंदुए की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम में पांच विशेषज्ञ शामिल हैं। टीमों ने सबसे पहले उन स्थानों की जांच की, जहां तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद छावनी क्षेत्र के जंगली और झाड़ियों वाले इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। सेंट मैरी स्कूल परिसर में विशेष सतर्कता बरतते हुए 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

छोटे जानवरों के मिले पगचिह्न, तेंदुए की पुष्टि नहीं

वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार के मुताबिक, सेंट मैरी स्कूल, 39 जीटीसी और नदेसर के छोटा कटिंग इलाके में जांच के दौरान छोटे जानवरों के पगचिह्न मिले हैं। हालांकि, अब तक तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि जब तक तेंदुए की मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक स्कूल परिसर सहित पूरे छावनी क्षेत्र में निगरानी और तलाश जारी रहेगी।

सीसीटीवी में दिखने के बाद मचा था हड़कंप

बीते गुरुवार को सेंट मैरी स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिखाई देने की बात सामने आई थी। इसके बाद 39 जीटीसी क्षेत्र में भी उसके देखे जाने की सूचना मिली। यहां दो सैन्यकर्मियों ने तेंदुए की घेराबंदी करने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर निकल गया। इसके बाद नदेसर के छोटा कटिंग स्कूल के मैदान में तेंदुआ दिखाई देने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि सलीम खान के घर से करीब 100 मीटर दूर एक चहारदीवारी पर तेंदुआ खड़ा दिखाई दिया था। इसी दौरान एक वाहन की रोशनी पड़ने पर वह गुर्राया और दीवार के दूसरी ओर कूदकर अंधेरे में गायब हो गया। अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए के देखे जाने की सूचनाओं के बाद से वन विभाग सतर्क है। फिलहाल उसकी मौजूदगी की पुष्टि करने और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए तलाश एवं निगरानी अभियान जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *