वाराणसी में गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर लंबी कतारें

वाराणसी में गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर लंबी कतारें

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ईद और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को विभिन्न गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ अचानक बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग ऐसे थे जिन्होंने पहले से ऑनलाइन बुकिंग कर रखी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल सका।

जिला महिला चिकित्सालय के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रंजन गुप्ता ने बताया कि वे हर्ष गैस एजेंसी से सिलेंडर लेने गए थे, जहां उन्हें बताया गया कि बुकिंग के लिए 25 दिन बाद का समय मिलेगा। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन बुकिंग की, लेकिन मैसेज मिला कि जल्द ही सूचना दी जाएगी। तीन दिन बाद संपर्क करने पर फिर आश्वासन दिया गया कि बुकिंग हो चुकी है और इंतजार करने को कहा गया।

वाराणसी में गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर लंबी कतारें

वहीं, सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को ऑनलाइन बुकिंग की थी और उन्हें 14 मार्च को डिलीवरी का संदेश मिला था, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि रोजाना एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस समस्या की शिकायत किससे करें।

स्थानीय पार्षद प्रमोद कुमार राय ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उपलब्धता न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पार्षद के अनुसार, जब उन्होंने इस मुद्दे को DSO के समक्ष उठाया तो जवाब मिला कि सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है और लोगों को चूल्हे पर खाना बनाने के लिए प्रेरित किया जाए। इस स्थिति ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *