वाराणसी में शादी समारोह में बवाल, फायरिंग में ग्रामीण की मौत

वाराणसी में शादी समारोह में बवाल, फायरिंग में ग्रामीण की मौत

जयमाल के दौरान दो पक्षों में विवाद के बाद चली गोली; दूल्हे के पड़ोसी ने तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी (रणभेरी): राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव में बुधवार रात आयोजित एक विवाह समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब जयमाल के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चली गोली एक ग्रामीण को लग गई और उसकी मौत हो गई। लड़की पक्ष और बरातियों में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

वाराणसी में शादी समारोह में बवाल, फायरिंग में ग्रामीण की मौत

मृतक की फाइल फोटो

जानकारी के अनुसार मरुई गांव निवासी हिमांशु राम का विवाह मिर्जापुर जनपद के बगहा गांव की रहने वाली रेखा देवी के साथ तय था। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद थे। रात में जयमाल की रस्म के दौरान लड़की पक्ष और बारात में शामिल कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला मामूली था, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया।

जयमाल कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। इसी दौरान दूल्हे के पड़ोसी बहादुर राम, जो घर के बाहर आराम कर रहे थे, शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी युवक ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे बहादुर राम को जा लगी और वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

वाराणसी में शादी समारोह में बवाल, फायरिंग में ग्रामीण की मौत

गोली लगने के बाद समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण घायल बहादुर राम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के कबीरचौरा स्थित अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 52 वर्षीय बहादुर राम के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी नौरंगी देवी, तीन बेटियां रंजना देवी, एजोरा देवी और ननका देवी तथा एक पुत्र किशन राम हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

घटना की जानकारी मिलते ही जक्खिनी चौकी और राजातालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी और विवाह समारोह की शेष रस्मों को रोक दिया। प्रारंभिक पूछताछ के लिए दूल्हा और दुल्हन को भी थाने लाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और कथित आरोपी की पहचान किए जाने की बात भी सामने आई है।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। थाना प्रभारी दयाशंकर के अनुसार कुछ लोग गोली लगने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से चोट के निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत गोली लगने से हुई या किसी अन्य चोट के कारण।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक खुशियों भरे विवाह समारोह को गहरे शोक में बदल दिया है और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *