नमो घाट पर मारपीट: जेटी पर सवारी उतारने से रोकने पर मैनेजर का हाथ तोड़ा, 2 नामजद समेत 20 पर केस

नमो घाट पर मारपीट: जेटी पर सवारी उतारने से रोकने पर मैनेजर का हाथ तोड़ा, 2 नामजद समेत 20 पर केस

वाराणसी (रणभेरी): काशी के नमो घाट पर शनिवार शाम उस समय हंगामा हो गया जब जेटी पर सवारी उतारने से रोकने पर घाट का काम देख रही कार्यदायी संस्था के मैनेजर के साथ मारपीट कर दी गई। घटना में मैनेजर का हाथ टूट गया। मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार नमो घाट का कार्य देख रही संस्था आरके वैदिक के मैनेजर मनीष कुमार सिंह ने आदमपुर थाना में तहरीर देकर बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे आरती स्थल के सामने लगी जेटी पर दो बड़े बजड़े आकर सवारी उतारने लगे। जबकि प्रशासन की ओर से आरती के समय जेटी पर नाव लगाने या सवारी चढ़ाने-उतारने की मनाही है।

मनीष के मुताबिक जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो वह सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और नाविकों को जेटी पर सवारी उतारने से मना किया। इस बात से नाराज होकर नाविकों ने अपने मालिकों अभिषेक सहानी और दीपक सहानी को फोन कर दिया। इसके कुछ देर बाद करीब 20 लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने मनीष कुमार सिंह को बुरी तरह पीटा, जिससे उनका हाथ टूट गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मनीष ने आदमपुर थाने में दो नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *