वाराणसी (रणभेरी): जनपद वाराणसी में पड़ रही भीषण ठंड, घना कोहरा और लगातार चल रही शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों को 6 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि मौजूदा मौसम की गंभीर स्थिति और आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने की संभावना को देखते हुए 5 और 6 जनवरी को सभी संबंधित कक्षाओं के विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।बीएसए ने स्पष्ट किया कि यह आदेश जिले के सभी प्रकार के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इसमें राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड एवं मदरसा बोर्ड से संबद्ध स्कूल शामिल हैं।उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी विद्यालय के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस अवधि में शिक्षकों को पूर्व की भांति विद्यालय में उपस्थित रहना होगा और उन्हें सौंपे गए प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना अनिवार्य होगा।प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। अत्यधिक ठंड के बीच स्कूल बंद रहने से छोटे बच्चों को शीतलहर के प्रकोप से बचाया जा सकेगा।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते वाराणसी में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद
