छात्र के मुंडे सिर पर तबला बजाने लगे हेड मास्टर, वीडियो वायरल होने पर निलंबित

छात्र के मुंडे सिर पर तबला बजाने लगे हेड मास्टर, वीडियो वायरल होने पर निलंबित

कक्षा में बच्चों के सामने छात्र का बनाया मजाक, घटना पर शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान; 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक का छात्र के साथ अमर्यादित व्यवहार सामने आया है। सिर मुंडवाकर स्कूल पहुंचे चौथी कक्षा के एक छात्र के सिर पर हेड मास्टर ने दोनों हाथों से थाप दी और उसका मजाक उड़ाया। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे भी हंसते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।

मामला जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सैफई क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिरौली का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही घटना किस दिन की है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मोबाइल पर बजाया तबले का संगीत, फिर छात्र के सिर पर दी थाप

सामने आए करीब 27 सेकेंड के वीडियो में प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार कुर्सी पर बैठे दिखाई देते हैं। उनके सामने चौथी कक्षा का छात्र जमीन पर बैठा हुआ है। वीडियो के अनुसार, प्रधानाध्यापक मोबाइल फोन पर तबले की धुन चलाते हैं और इसके साथ ही छात्र के मुंडे सिर पर दोनों हाथों से थाप देने लगते हैं। इस दौरान वह हंसते हुए छात्र का मजाक बनाते दिखाई देते हैं। कक्षा में मौजूद दूसरे बच्चे भी इस घटनाक्रम पर हंसते नजर आते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने शिक्षक के इस व्यवहार पर नाराजगी जताई और इसे छात्र के सम्मान के खिलाफ बताया।

छात्र के मुंडे सिर पर तबला बजाने लगे हेड मास्टर, वीडियो वायरल होने पर निलंबित

76 विद्यार्थियों वाले स्कूल में तैनात हैं प्रधानाध्यापक

प्राथमिक विद्यालय बिरौली में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई होती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, स्कूल में कुल 76 विद्यार्थी नामांकित हैं। यहां दो शिक्षक, एक शिक्षामित्र और प्रधानाध्यापक तैनात हैं। प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार वर्ष 2018-19 से इस विद्यालय में कार्यरत बताए गए हैं। संबंधित छात्र बिरौली गांव का निवासी है और इसी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता है। बताया गया है कि उसने किसी कारण से अपने बाल मुंडवा लिए थे।

वीडियो सामने आते ही विभाग ने की कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन की अवधि में उन्हें सैफई स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से संबद्ध किया गया है। बीएसए के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाला आचरण प्रथम दृष्टया अनुचित प्रतीत होता है। घटना की वास्तविक तारीख और अन्य तथ्यों की भी जांच कराई जा रही है।

15 दिन में जांच पूरी करने के निर्देश

मामले की जांच की जिम्मेदारी बसरेहर के खंड शिक्षा अधिकारी उदय सिंह राज को सौंपी गई है। उन्हें 15 दिनों के भीतर आरोप पत्र जारी करने और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हेड मास्टर ने जताया अफसोस

मामले पर प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार ने अपने व्यवहार पर खेद जताया है। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य बच्चे की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने अपने कृत्य पर शर्मिंदगी जाहिर करते हुए लिखित रूप से माफी मांगने की बात कही है। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *