वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन एक बड़ी धांधली सामने आई। नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से पुलिस ने एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया है, जो दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक फिरोजाबाद जिले का निवासी है और वह सोनभद्र के एक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आया था। परीक्षा केंद्र पर प्रारंभिक जांच और बायोमैट्रिक प्रक्रिया के बाद उसे परीक्षा कक्ष में बैठा दिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से आई सूचना के आधार पर दोबारा जांच की गई, जिसमें उसकी असलियत सामने आ गई।
बायोमैट्रिक जांच में हुआ फेल
एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों की जांच के बाद उन्हें कक्ष में भेजा गया था। इसी दौरान पवन कुमार नाम से एक अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचा था। प्रारंभिक बायोमैट्रिक प्रक्रिया के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गई थी।
बोर्ड से मेल आने पर बढ़ा शक
परीक्षा के दौरान ही भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्र को मेल भेजकर सूचना दी गई कि संबंधित रोल नंबर का अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और उसकी ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। इसके बाद केंद्र पर मौजूद बायोमैट्रिक टीम ने दोबारा जांच करने की कोशिश की, लेकिन उसका आधार कार्ड लॉक मिला। जब आधार अनलॉक करने को कहा गया तो वह टालमटोल करने लगा।
फर्जी आधार से किया था प्रवेश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि परीक्षा केंद्र पर जमा किए गए दस्तावेज और असली आधार कार्ड के विवरण अलग-अलग थे। जांच में सामने आया कि युवक का असली नाम विमलेश कुमार, निवासी फिरोजाबाद है, जबकि उसने परीक्षा के लिए पवन कुमार, निवासी सोनभद्र के नाम से फर्जी आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का इस्तेमाल किया था।
दूसरे अभ्यर्थी की जगह दे रहा था परीक्षा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विमलेश कुमार, सोनभद्र के पवन कुमार की जगह परीक्षा देने आया था। मामले का खुलासा होने के बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया गया।
लक्सा थाने में पूछताछ, मुकदमा दर्ज
पकड़े गए युवक को लक्सा थाने लाया गया, जहां देर रात तक उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
