कपड़े, टोपी, इत्र और बच्चों के परिधानों की खरीदारी तेज
नई सड़क, बेनियाबाग और मैदागिन बाजारों में सुबह से रात तक उमड़ रही भीड़
वाराणसी (रणभेरी): पवित्र पर्व ईद के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में चहल-पहल काफी बढ़ गई है। खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में देखी जा रही है। लोग अपने परिवार और बच्चों के लिए कपड़े, टोपी, इत्र और अन्य जरूरत की वस्तुएं खरीदने में जुटे हुए हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों मैदागिन, टाउनहाल, नेहरू मार्केट, बुलानाला, नीचीबाग, चौक, नई सड़क, बेनियाबाग, बांसफाटक, गोदौलिया और दशाश्वमेध सहित अन्य इलाकों में रोजाना भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं शहर के दूसरे हिस्सों लक्सा, सिगरा, लंका, अर्दली बाजार, पांडेयपुर और भोजूबीर में भी खरीदारी का माहौल बना हुआ है।

दुकानदारों के अनुसार इन दिनों चप्पल, लुंगी, रुमाल, बच्चों के परिधान और खास तौर पर टोपियों की सबसे अधिक बिक्री हो रही है। इसके अलावा इत्र की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। लोग अपनी पसंद के अनुसार खस, केवड़ा और गुलाब की खुशबू वाले इत्र खरीद रहे हैं।ईद के मौके पर नए कपड़े पहनने की परंपरा के कारण टेलरिंग शॉप पर भी काफी व्यस्तता देखी जा रही है। कई लोगों ने पहले ही कपड़े सिलने के लिए दे रखे हैं और अब त्योहार से पहले उन्हें लेने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं।

खास तौर पर नई सड़क, बेनियाबाग और अर्दली बाजार के कपड़ा बाजारों में खरीदारी के लिए दुकानों पर भारी भीड़ लगी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे ईद नजदीक आएगी, बाजारों में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल लोग सुबह से लेकर शाम और देर रात तक अपनी जरूरत की चीजों की खरीदारी करने में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे शहर के बाजारों में त्योहार की रौनक साफ नजर आ रही है।
