महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ आप का प्रदर्शन

महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ आप का प्रदर्शन

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

वाराणसी (रणभेरी): बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि से आम जनता के साथ-साथ छोटे कारोबारियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक स्थिति सामने आ रही है। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं, जबकि लगभग 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। वहीं पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी गैस आयात की जाती है और इसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते आता है।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग आठ लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति बनाई जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।

प्रदर्शन में अब्दुल्लाह खान, घनश्याम पांडेय, गुलाब सिंह राठौड़, पल्लवी वर्मा, शारदा टंडन, डॉ. अहिल्या, मोहिनी महेद्रु, आर.के. उपाध्याय, विनोद जायसवाल, सरोज शर्मा, प्रमोद श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *