ग्राम खप्परपुर की घटना, पत्नी और तीन मासूम बच्चों के शव घर में मिले; आत्महत्या की वजह अब तक साफ नहीं, पुलिस जांच में जुटी।
(रणभेरी): मथुरा जिले के महावन क्षेत्र से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सभी ने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन समाप्त कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
खप्परपुर गांव का मामला
घटना महावन तहसील के खप्परपुर गांव की बताई जा रही है। मृतकों में 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटा पंकज शामिल हैं। बताया गया कि मनीष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहते थे, जबकि उनके दोनों भाई गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी मिली है।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
घर की दीवार पर लिखे मिले शब्द
पुलिस के अनुसार घर के निरीक्षण के दौरान दीवार पर लिखा मिला कि यह कदम अपनी इच्छा से उठाया जा रहा है। इसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही सीमा के पिता गांव पहुंचे और परिवार के साथ हुई इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही बेटी-दामाद से मुलाकात हुई थी और किसी बड़ी परेशानी का अंदेशा नहीं था। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय से मनीष का अपने भाई से विवाद चल रहा था।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
