लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: बैंकॉक से आए यात्री के बैग में 2.05 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: बैंकॉक से आए यात्री के बैग में 2.05 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

(रणभेरी): लखनऊ मे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी तस्करी का खुलासा करते हुए बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के बैग से 2.05 करोड़ रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही एयरपोर्ट पर 2 करोड़ रुपये का सोना भी पकड़ा गया था।खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने फ्लाइट संख्या FD-146 से लखनऊ पहुंचे यात्री को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग में रखे 8 कुकी टिन बॉक्स संदिग्ध पाए गए।

जब इन्हें खोला गया तो हर टिन बॉक्स के अंदर पॉलीथीन पाउच में भरा हरे रंग का ऑर्गेनिक पदार्थ मिला। मौके पर फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) निकला। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन लगभग 5.88 किलोग्राम पाया गया। आरोपी के पास से गांजे के साथ पैकेजिंग सामग्री भी जब्त कर ली गई है।एयर इंटेलिजेंस के अनुसार जब्त हाइड्रोपोनिक गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.05 करोड़ रुपये है।

अधिकारियों का कहना है कि यह अत्यधिक उच्च गुणवत्ता का मादक पदार्थ है, जिसे विशेष रूप से विदेशी बाजारों में तैयार किया जाता है।जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किस नेटवर्क के जरिए इस नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा था और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *