स्टेज पर छलके भूमिका चावला के आंसू, ‘यूफोरिया’ की कहानी सुनाकर खुद को नहीं रोक पाईं अभिनेत्री

स्टेज पर छलके भूमिका चावला के आंसू, ‘यूफोरिया’ की कहानी सुनाकर खुद को नहीं रोक पाईं अभिनेत्री

(रणभेरी): सलमान खान की सुपरहिट फिल्म तेरे नाम से देशभर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री भूमिका चावला इन दिनों एक भावुक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में वह एक लाइव कार्यक्रम के दौरान अचानक भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वीडियो सामने आते ही प्रशंसकों में चिंता और जिज्ञासा दोनों देखी गई।

दरअसल, भूमिका अपनी हालिया तेलुगू फिल्म यूफोरिया के प्रचार के सिलसिले में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। मंच से फिल्म और अपने किरदार के अनुभव साझा करते समय कहानी की गहराई ने उन्हें भावुक कर दिया। कुछ ही क्षणों में माहौल गंभीर हो गया और भूमिका खुद को संभाल नहीं सकीं।

फिल्म ‘यूफोरिया’ एक बेहद संवेदनशील विषय पर आधारित है। इसकी कहानी हैदराबाद की एक वास्तविक घटना से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें बच्चों में नशे की लत और यौन शोषण जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को उजागर किया गया है। फिल्म में बाल कलाकार सारा अर्जुन की भी अहम भूमिका है, जबकि निर्देशन की कमान गुनाशेखर ने संभाली है।

प्रमोशनल इवेंट के दौरान भूमिका ने कहा कि इस फिल्म की कहानी ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि शूटिंग के दिनों में कई बार वह रातों को ठीक से सो नहीं पाईं और अचानक नींद से जाग जाती थीं। किरदार की मानसिक पीड़ा को बयान करते हुए उनकी आवाज भर्रा गई और वे रो पड़ीं। मौके पर मौजूद निर्देशक ने उन्हें संभाला और हौसला दिया। कुछ देर बाद अभिनेत्री ने खुद को संयत किया और अपनी बात पूरी की।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने भूमिका के प्रति सहानुभूति जताई और उनके अभिनय के प्रति समर्पण की सराहना की।

कामकाज की बात करें तो भूमिका चावला दक्षिण भारतीय सिनेमा में लगातार सक्रिय हैं। उनकी पिछली हिंदी फिल्म 2023 में रिलीज हुई किसी का भाई किसी की जान रही, जिसमें उन्होंने सलमान खान और वेंकटेश के साथ काम किया था। वहीं, दर्शकों की मांग पर ‘तेरे नाम’ एक बार फिर सिनेमाघरों में लौटने जा रही है। यह फिल्म 27 फरवरी को दोबारा रिलीज किए जाने की तैयारी में है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *