(रणभेरी): बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया को लेकर अपने दिल की बात कही है। एस्क्वायर इंडिया को दिए इंटरव्यू में आलिया ने कहा कि कई बार उनका मन सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करने का करता है और सिर्फ अपने काम-एक्टिंग-पर फोकस करने का होता है।
आलिया ने कहा,“कई दिन ऐसे होते हैं जब मैं उठकर सोचती हूं कि बस सोशल मीडिया डिलीट कर दूं और सिर्फ एक्टिंग करूं। मैं बार-बार इस बातचीत का हिस्सा नहीं बनना चाहती, लेकिन मुझे यह भी पता है कि ऐसा करने से उन लोगों से संपर्क टूट जाएगा, जिन्होंने शुरू से मेरा साथ दिया है। मैं ऐसा नहीं चाहती।”
गौरतलब है कि आलिया भट्ट देश की सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली एक्ट्रेस में शामिल हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 86 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
मां बनने के बाद बदली पूरी दुनिया
इंटरव्यू में आलिया ने मां बनने के बाद आए बदलावों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि मां बनने के बाद उनकी पर्सनल लाइफ पूरी तरह बदल गई है और अब उनकी दुनिया ज्यादातर अपनी बेटी राहा के इर्द-गिर्द घूमती है।
आलिया ने कहा,“अब पर्सनल लाइफ इतनी पर्सनल हो गई है कि उसे शेयर करना थोड़ा मुश्किल लगता है। मेरे फोन की फोटो गैलरी मेरी बेटी राहा से भरी हुई है। मुझे अपनी तस्वीरें लेने के लिए अलग से मेहनत करनी पड़ती है।”उन्होंने मां बनने को जीवन का बड़ा बदलाव बताया और कहा कि इससे सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि सोच, प्राथमिकताएं और दुनिया को देखने का नजरिया भी पूरी तरह बदल जाता है।
