कबीर की वाणी से गूंजेगी काशी, 4 से 6 दिसंबर तक सजेगा महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल

कबीर की वाणी से गूंजेगी काशी, 4 से 6 दिसंबर तक सजेगा महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल

गंगा किनारे संगीत, साहित्य, संवाद और कठपुतली के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचेगी संत कबीर की विरासत; दसवें संस्करण में देशभर के दिग्गज कलाकार देंगे प्रस्तुति

वाराणसी (रणभेरी): संत कबीर की वाणी और उनके विचार एक बार फिर काशी के युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। कबीर के दोहों और निर्गुण परंपरा को आधुनिक संगीत और नए कलात्मक प्रयोगों से जोड़ने के उद्देश्य से महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल का दसवां संस्करण 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित होगा। गंगा किनारे होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में संगीत, साहित्य, दर्शन और कठपुतली कला के माध्यम से संत कबीर की करीब छह सौ साल पुरानी विरासत को समकालीन संदर्भों में प्रस्तुत किया जाएगा।

महोत्सव का आगाज 4 दिसंबर को गुलेरिया कोठी में गंगा आरती के साथ होगा। इसके बाद कबीरचौरा मठ के आध्यात्मिक गुरु उमेश कबीर के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा। पहले दिन का प्रमुख आकर्षण कलापिनी कोमकली की प्रस्तुति होगी। वह अपने पिता और महान शास्त्रीय गायक कुमार गंधर्व की संगीत विरासत को ‘ट्रिब्यूट टू कुमार गंधर्व’ के जरिए संगीतमय श्रद्धांजलि देंगी।

शास्त्रीय संगीत से इलेक्ट्रो-कबीरा तक दिखेगी विविधता

5 और 6 दिसंबर को गुलेरिया कोठी में संगीत की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। विदुषी डॉ. कमला शंकर गिटार पर शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगी। वहीं, श्वेता किल्पाडी आत्मरंजन के साथ ‘म्यूजिक फॉर द सोल’ कार्यक्रम पेश करेंगी। 6 दिसंबर को द महाराज ट्रायो बनारस की संगीत परंपरा की झलक दिखाएगा। इसके बाद द आह्वान प्रोजेक्ट ‘ऐ कबीर तुम कहां हो?’ के जरिए संगीत और विचारों का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।

कबीर के साहित्य और दर्शन पर होगा विमर्श

महोत्सव में कबीर के साहित्य और दर्शन पर भी गंभीर चर्चा होगी। 5 दिसंबर को ‘मन लागो रे : काशी के निर्गुण कवि’ सत्र में लिंडा हेस, संजॉय रॉय के साथ संवाद करेंगी। इस दौरान यूसरा नकवी के गीत भी सुनने को मिलेंगे। वहीं, 6 दिसंबर को वेदांत भारद्वाज ‘उड़ जाएगा हंस अकेला’ और पुरुषोत्तम अग्रवाल ‘यूनीक, बट नॉट अलोन’ के माध्यम से कबीर के विचारों और उनकी प्रासंगिकता पर अपनी बात रखेंगे।

कबीर की वाणी से गूंजेगी काशी, 4 से 6 दिसंबर तक सजेगा महिंद्रा कबीरा फेस्टिवल

शिवाला घाट पर सजेगी संगीत की महफिल

महोत्सव की शामें शिवाला घाट पर संगीत और कला के नाम रहेंगी। 5 दिसंबर को पद्मश्री प्रह्लाद टिपानिया कबीर वाणी और निर्गुण भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसी दिन पपेटशाला परफॉर्मिंग आर्ट्स की कठपुतली प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी। शाम का समापन पद्मश्री अरुणा साईराम की संगीतमय प्रस्तुति से होगा।

6 दिसंबर को फकीरा ‘फकीरनामा’ पेश करेंगे। कठपुतलियों के माध्यम से कबीर की परंपरा और विचारों को मंच पर जीवंत किया जाएगा। वहीं, वासु दीक्षित कलेक्टिव की ‘इलेक्ट्रो-कबीरा’ प्रस्तुति के साथ महोत्सव का समापन होगा। इस कार्यक्रम में पारंपरिक कबीर वाणी को आधुनिक संगीत के अंदाज में सुनने का अवसर मिलेगा।

दस वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा का उत्सव

टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के. रॉय के अनुसार, कबीरा फेस्टिवल संगीत और संवाद के माध्यम से कबीर की कविता और दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। दसवें संस्करण के जरिए उन कलाकारों, प्रस्तुतियों और यादों को फिर से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिन्होंने महोत्सव की दस साल की यात्रा को खास बनाया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *