पीलीभीत में युवती से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, थाने से लंगड़ाते निकले; हाथ जोड़कर मांगते रहे माफी

पीलीभीत में युवती से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, थाने से लंगड़ाते निकले; हाथ जोड़कर मांगते रहे माफी

(रणभेरी): उत्तराखंड से खरीदारी करने पीलीभीत आए युवक और युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के थाने से लंगड़ाते हुए बाहर निकलने और हाथ जोड़कर माफी मांगने का वीडियो सामने आया है। हालांकि, आरोपियों की पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मामला पूरनपुर तहसील क्षेत्र के तिरंगा चौराहे का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को उत्तराखंड के खटीमा निवासी अनिकेत पुत्र प्यारे लाल एक युवती के साथ खरीदारी करने पूरनपुर पहुंचा था। युवती बुर्का पहने हुए थी। दोपहर करीब दो बजे कुछ युवकों ने चौराहे पर दोनों को रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और वीडियो बनाने लगे। युवती ने वीडियो बनाने का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर युवक और युवती को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप

मौके पर मौजूद युवकों ने अनिकेत पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई और पूछताछ की। इस दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी और परिवार की सहमति से खरीदारी करने आई थी। उसने युवकों पर अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

युवती की शिकायत पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने रहील और अफजाल नाम के दो आरोपियों की पहचान की। बुधवार शाम करीब पांच बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

हाथ जोड़कर मांगते रहे माफी

दोनों आरोपियों के थाने से बाहर निकलने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों युवक लंगड़ाते हुए बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। दोनों कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनसे पहली बार गलती हुई है और भविष्य में ऐसा दोबारा नहीं करेंगे। वे माफी देने की गुहार भी लगा रहे हैं।

परिवार की सहमति से खरीदारी करने आए थे युवक-युवती

थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक और युवती परिवार की सहमति से खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने युवती के साथ अभद्रता की। युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *