रोहनिया में पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट और पेट्रोल छिड़ककर जलाने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उनका विवाह रतन सोनकर उर्फ घंटू के साथ हुआ था। शादी में उनके पिता ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा नकदी, बुलेट मोटरसाइकिल, सोने के आभूषण और कपड़े सहित कई उपहार दिए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति रतन सोनकर, ससुर सज्जन, सास चिंता देवी, ननद चंदावती, जेठ रविशंकर और जेठानी सुमन अतिरिक्त 10 लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पंचायत के बाद भी नहीं थमी प्रताड़ना
पीड़िता का आरोप है कि 15 जुलाई 2026 की शाम को ससुराल वालों ने उनके जेवरात आदि अपने पास रखकर उन्हें घर से निकाल दिया था। इस संबंध में उन्होंने रोहनिया थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 20 मार्च 2026 को दोनों पक्षों के रिश्तेदारों और संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई। इसमें पति, ससुर और जेठ समेत अन्य लोगों ने भविष्य में दहेज की मांग नहीं करने और सम्मानपूर्वक रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह दोबारा ससुराल चली गईं।
मारपीट कर पेट्रोल छिड़कने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, समझौते के कुछ दिनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वाले फिर से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि 13 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे रुपये देने में असमर्थता जताने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और पेट्रोल छिड़ककर जलाने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागीं और मायके पहुंचीं।
इसके बाद 16 जुलाई 2026 को पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बुधवार को पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
