500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण तेज, जी-42 भवन के लिए खोदाई शुरू
वाराणसी (रणभेरी): मंडलीय चिकित्सालय का आवासीय भवन पूरी तरह धराशायी होने के बाद अस्पताल परिसर में ध्वस्तीकरण और निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। अस्पताल के 152 बेड को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (एमसीएच विंग), कबीरचौरा में शिफ्ट कर दिया गया है। मंगलवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश के अपर निदेशक कार्मिक डॉ. संजय कुमार शैवाल ने औचक निरीक्षण कर शिफ्टिंग और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि शिफ्टिंग का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। निराश्रित मरीजों के लिए अलग व्यवस्था करना सराहनीय कदम है।
मंडलीय चिकित्सालय परिसर में 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। आवासीय भवन के ध्वस्तीकरण के बाद अब वार्ड नंबर पांच, छह, सात, आठ, नौ और 10 के साथ सहायक नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय को भी तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, जी-42 भवन के निर्माण के लिए खोदाई भी शुरू हो चुकी है।
अगले चरण में ब्लड बैंक, आईसीटीसी, वार्ड नंबर चार, कार्डियक वार्ड, बर्न यूनिट, रैन बसेरा, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), पैथोलॉजी, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड विभाग को क्रमवार ध्वस्त किया जाएगा। इन विभागों को इमरजेंसी भवन के पहले और दूसरे तल तथा एमसीएच विंग के चौथे तल पर शिफ्ट करने की योजना है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि एमसीएच विंग के दूसरे तल पर पुरुष और महिला सर्जिकल वार्ड में 36 बेड तैयार किए गए हैं। तीसरे तल पर पुरुष और महिला आर्थो वार्ड के 32 बेड तथा पुरुष और महिला मेडिकल वार्ड के 84 बेड तैयार कर मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक तल पर आरओ युक्त एक वाटर कूलर लगाया गया है। इसके अलावा 16 बाथरूम की व्यवस्था भी की गई है, ताकि शिफ्टिंग के दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
