108 भूदेवों ने श्रीरामचरितमानस की पोथी लेकर किया मंगल पाठ, नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ का हुआ समापन
वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री रामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ के समापन अवसर पर प्रभु श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रातः नौ बजे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा जय श्रीराम के जयघोष और बैंड-बाजे पर गूंजती रामधुन के बीच नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा से पूर्व समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से प्रभु श्रीराम दरबार का पूजन-अर्चन किया और भव्य आरती उतारी। भगवान को विशेष भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात स्वदेशी फूलों से सुसज्जित आकर्षक रथ पर प्रभु श्रीराम दरबार की प्रतिमा विराजमान कराई गई।

यात्रा में सबसे आगे समिति का बैनर चल रहा था। इसके पीछे बैंड-बाजे की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भजन गाते और झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा का विशेष आकर्षण 108 भूदेव रहे, जो हाथों में श्रीरामचरितमानस की पवित्र पोथी लेकर मंगल पाठ करते हुए चल रहे थे। वहीं, एक सुसज्जित बग्गी पर व्यास श्री राम कपूरिया विराजमान थे, जबकि दूसरी बग्गी पर श्रीरामचरितमानस की पोथी को श्रद्धापूर्वक विराजमान किया गया था।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर चौराहा होते हुए लक्सा स्थित लक्ष्मीकुंड पहुंची। रास्ते भर काशीवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लक्ष्मीकुंड पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी भूदेवों ने श्रीराम दरबार का अंतिम पूजन-अर्चन संपन्न कराया। इसके बाद समिति की ओर से सभी भूदेवों को यथोचित दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। अंत में नम आंखों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच प्रभु श्रीराम दरबार की प्रतिमा का लक्ष्मीकुंड में विसर्जन किया गया। इसी के साथ नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ का विधिवत समापन हुआ।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, रघु देव अग्रवाल, अशोक सराफ, विश्वनाथ पोद्दार, महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, राधेश्याम मिश्रा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार काबरा एवं सतीश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
