गंगा की लहरों पर सजा शाही मंडप, देव दीपावली पर नाव में लिए सात फेरे

गंगा की लहरों पर सजा शाही मंडप, देव दीपावली पर नाव में लिए सात फेरे

वाराणसी (रणभेरी): देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी में गंगा की लहरों के बीच शाही शादी का अनूठा नजारा देखने को मिला। घाटों पर लाखों दीपों की जगमगाहट के बीच गंगा में सजी भव्य नाव पर फूलों से सुसज्जित विवाह मंडप बनाया गया, जहां दूल्हा-दुल्हन ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं। इस अनूठे आयोजन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

‘देवो’ की ओर से 23 और 24 नवंबर 2026 को वाराणसी में देश का पहला ‘रॉयल बनारसी हेरिटेज वेडिंग ऑन द घाट’ यानी फ्लोटिंग वेडिंग मंडप आयोजित किया गया। सोमवार शाम गंगा आरती के दौरान शाही अंदाज में सजी विवाह नौका रविदास घाट से अस्सी, दशाश्वमेध होते हुए नमो घाट तक आकर्षण का केंद्र बनी रही। नाव के आसपास मौजूद दूसरी नावों पर सवार रिश्तेदारों और लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

शाही अंदाज में सजा विवाह मंडप

गंगा में तैरती विवाह नौका पर फूलों से भव्य मंडप सजाया गया था। ‘द रॉयल ग्रूम ऑफ बनारस’ की शाही थीम के अनुरूप दूल्हे को राजसी परिधान में सजाया गया, जबकि दुल्हन भी पारंपरिक परिधान में नजर आई। पंडित की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न हुईं। गंगा की लहरों पर चल रहे इस अनूठे विवाह समारोह ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को एक अलग ही रूप में प्रस्तुत किया।

काशीवासियों के प्यार से उत्साहित आयोजक

आयोजन को मिले जनसमर्थन पर देवो संस्था के प्रमुख विकास मल्होत्रा और उपाध्यक्ष सियाराम ने कहा कि यह आयोजन काशी की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय विवाह परंपराओं को एक अनूठे अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास है। अस्सी, रविदास, दशाश्वमेध और नमो घाट पर संध्या आरती के दौरान लोगों से मिले अपार स्नेह और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य ऐसी यादगार झांकी प्रस्तुत करना था, जो ‘द रॉयल ग्रूम ऑफ बनारस’ और हमारी ‘मेड ऑफ इंडिया’ की सोच को जीवंत कर सके। काशीवासियों से मिला सम्मान और प्रेम हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। काशी में इस तरह का आयोजन देश-दुनिया तक भारतीय संस्कृति और परंपराओं का संदेश पहुंचाने का माध्यम है।

कैमरों में कैद किए यादगार पल

गंगा आरती देखने पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए गंगा के बीच सजी शाही विवाह नौका किसी सपने से कम नहीं थी। लोगों ने इस अनूठे नजारे को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद किया। घाटों पर मौजूद दर्शकों ने आयोजन की जमकर सराहना की और देवो ब्रांड के प्रति उत्साह दिखाया।

‘मेड ऑफ इंडिया’ थीम से जोड़ी काशी की विरासत

आयोजन के जरिए काशी की सदियों पुरानी बुनकरी कला, शाही परिधान और भव्य विवाह परंपराओं को भी प्रदर्शित किया गया। देवो का मूल दर्शन ‘मेड ऑफ इंडिया’ भारतीय कारीगरी और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करना है। सियाराम की चार दशकों की वस्त्र विरासत के साथ देवो भारतीय शिल्प, परंपरा और आधुनिक फैशन के संगम को सामने लाने का प्रयास कर रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *