13 बैग और गठरियों में छिपाकर रखे गए थे कछुए, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन लाख रुपये से अधिक
वाराणसी (रणभेरी): बनारस रेलवे जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 23 दुर्लभ कछुए बरामद किए हैं। कछुओं को 13 बैग और गठरियों में छिपाकर रखा गया था। मामले में दो महिलाओं को पकड़ा गया है, जो अपने साथ दो छोटे बच्चों को लेकर यात्रा करने की तैयारी में थीं। वन विभाग के मुताबिक, कछुओं को सुल्तानपुर से वाराणसी के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जाना था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, त्योहारों को देखते हुए मंगलवार रात बनारस जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के सेकेंड इंट्रेंस के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित बंद पड़ी पुरानी पार्किंग में दो महिलाएं ठंड के बीच अपने बच्चों के साथ बैठी दिखाई दीं। उनके पास कई बैग और गठरियां रखी थीं। संदेह होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उनसे पूछताछ की, लेकिन महिलाएं संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। इसके बाद उन्हें जीआरपी चौकी लाया गया।
तलाशी में मिले अलग-अलग आकार के 23 कछुए
जीआरपी चौकी पर महिलाओं के सामान की तलाशी ली गई तो 13 बैग और गठरियों से अलग-अलग आकार के 23 दुर्लभ कछुए बरामद हुए। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान मनीषा और सपना, दोनों निवासी पकड़ी, थाना हनुमानगंज, जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई है। दोनों महिलाओं के साथ करीब डेढ़ साल और तीन साल के बच्चे भी थे।
सुल्तानपुर से बस के जरिए पहुंची थीं महिलाएं
आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज राजेश के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि महिलाएं सुल्तानपुर से बस के जरिए वाराणसी पहुंची थीं। यहां से उन्हें कछुओं को लेकर पश्चिम बंगाल जाना था। हालांकि, स्टेशन पर संयुक्त टीम की सतर्कता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
पश्चिम बंगाल में ऊंचे दाम पर होती है बिक्री
कछुओं की बरामदगी की सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राजकुमार गौतम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बरामद सभी कछुए दुर्लभ प्रजाति के हैं। इन्हें पश्चिम बंगाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। वन विभाग के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कछुओं की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। मामले में वन विभाग और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।
