कार्यभार ग्रहण करने के बाद के. विजयेंद्र पांडियन ने की प्रेसवार्ता, देव दीपावली को खास बनाने की तैयारी पर दिया जोर
वाराणसी (रणभेरी): नवनियुक्त मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि काशी की जनता की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकता होंगी। आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर के विकास को गति देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। सरकार से जनता की जो अपेक्षाएं हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार काशी की देव दीपावली को खास बनाने का प्रयास किया जाएगा। वाराणसी में सरकार की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं चल रही हैं। इन सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्टेडियम, रोपवे और एयरपोर्ट विस्तार पर रहेगा जोर
मंडलायुक्त ने कहा कि वाराणसी में स्टेडियम निर्माण, रोपवे परियोजना, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य चल रहे हैं। इन परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने और समय से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कोशिश होगी कि परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उनका लोकार्पण भी जल्द कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बनारस पूर्वांचल की राजधानी के रूप में उभर रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के साथ ही आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। धार्मिक नगरी होने के कारण श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रहती है। ऐसे में शहर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें एक अच्छे शहर का अनुभव देना जरूरी है।
सफाई व्यवस्था और घाटों की स्वच्छता पर भी ध्यान
मंडलायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था के साथ गंगा घाटों की स्वच्छता को लेकर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि काशी की पहचान को बनाए रखने के लिए शहर और घाटों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि शहर में आवागमन की व्यवस्था सुधारने के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा। आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर काम किया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि काशी को विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के मामले में पहले से और बेहतर शहर बनाया जाए।
