नारियल पानी बताकर कारीगर को पिलाया बैटरी का पानी, हालत गंभीर

नारियल पानी बताकर कारीगर को पिलाया बैटरी का पानी, हालत गंभीर

जाल्हूपुर बाजार में फल विक्रेता के परिचित पर तेजाब पिलाने का आरोप, अस्पताल में चल रहा उपचार

वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर बाजार में नारियल पानी बताकर एक जूता कारीगर को कथित तौर पर बैटरी का तेजाब पिलाने का मामला सामने आया है। तरल पदार्थ पीने के बाद कारीगर की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी लालमन जाल्हूपुर बाजार में दुकान लगाकर जूते सिलने का काम करते हैं। उनकी दुकान के पास ही छेदी सोनकर की फल की दुकान है। आरोप है कि एक नवंबर 2026 को फल की दुकान पर मौजूद आकाश सोनकर पुत्र नत्थू सोनकर निवासी उकथी, चौबेपुर ने लालमन को पीने के लिए एक तरल पदार्थ दिया। परिजनों का आरोप है कि इसे नारियल पानी बताकर उन्हें धोखे से बैटरी का तेजाब पिला दिया गया।

तरल पदार्थ पीने के कुछ समय बाद ही लालमन की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिजन घरेलू और सामान्य उपचार कराते रहे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद छह नवंबर को उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *