डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग; पुलिस मामले की जांच में जुटी
वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित श्लोक हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के धनुआ रामपुर निवासी सुमन (30) को सोमवार शाम करीब छह बजे प्रसव पीड़ा होने पर श्लोक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के जरिए उन्होंने बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला को अस्पताल में ही रखा गया था। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि बेटी को जन्म देने के बाद महिला के इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते उसकी जान चली गई। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि महिला की अचानक तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इस संबंध में रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
