पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप, दुकानदार की तहरीर पर दो युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले में डोसा की दुकान पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पिता की पिटाई के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज उनकी बेटी ने दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और सामान फेंक दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, दुकान संचालक की तहरीर पर पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया की कुछ दिन पहले तुलसीपुर स्थित डोसा की दुकान पर कुछ लोगों ने मिलकर पिटाई कर दी थी। आरोप है कि मारपीट में मनोज का सिर फट गया था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर मनोज की बेटी तनिषा चौरसिया नाराज थी। इसी नाराजगी में वह एक अन्य युवती के साथ दुकान पर पहुंची और वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसने डोसा बनाने का सामान उठाकर फेंक दिया और दुकानदार के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान दुकान पर मौजूद कुछ महिला ग्राहकों ने युवतियों का विरोध किया, जिसको लेकर बहस भी हुई।
दुकान संचालक बाल मुकुंद पांडेय ने युवतियों पर हंगामा करने के साथ ही गल्ले में हाथ डालने और रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोप लगाए हैं। हालांकि, वायरल सीसीटीवी फुटेज में गल्ले में हाथ डालने की घटना दिखाई नहीं दे रही है।

वीडियो जारी कर तनिषा ने रखा पक्ष
मुकदमा दर्ज होने के बाद तनिषा चौरसिया ने एक वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा है। उसने दुकानदार की ओर से लगाए गए रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों को खारिज किया है। तनिषा का कहना है कि उसके पिता की दुकानदार और वहां काम करने वाले व्यक्ति ने बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उनका सिर फट गया था। पिता पर शराब पीकर दुकान पर पहुंचने का आरोप लगाया गया था, जबकि पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया था। तनिषा के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन का कोई जिक्र नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में एसीपी भेलूपुर गौरव सिंह ने बताया कि दुकान में तोड़फोड़ का वीडियो वायरल होने के बाद दुकानदार की तहरीर पर दो युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
