कथक की साधना से नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बना रहीं डा. रुक्मिणी जायसवाल

कथक की साधना से नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बना रहीं डा. रुक्मिणी जायसवाल

देश से विदेश तक भारतीय शास्त्रीय नृत्य की पहचान को दिलाई नई ऊंचाई, बीएचयू में 150 छात्राओं को दे रहीं कथक का प्रशिक्षण

वाराणसी (रणभेरी): घुंघरुओं की झंकार जब साधना और समर्पण का रूप लेती है, तो उसकी गूंज मंच तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पीढ़ियों को प्रेरित करती है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की समृद्ध परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने वाली डा. रुक्मिणी जायसवाल आज कला के जरिए नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के महिला महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डा. जायसवाल वर्तमान में करीब 150 छात्राओं को कथक की बारीकियां सिखा रही हैं। उनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को शास्त्रीय कला से जोड़ने के साथ ही उन्हें इस क्षेत्र में बेहतर करियर के अवसरों के लिए तैयार करना है।

डिजिटल दौर और जेन-जी की बदलती रुचियों के बीच डा. जायसवाल शास्त्रीय कला को नए माध्यमों से युवाओं तक पहुंचा रही हैं। इसके लिए नियमित कार्यशालाओं और ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन कर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करती हैं। उनका मानना है कि शास्त्रीय कला केवल सांस्कृतिक विरासत ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वावलंबन का भी सशक्त माध्यम है।

डा. रुक्मिणी जायसवाल की कथक यात्रा लखनऊ घराने की प्रख्यात गुरु और भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ की डीन डा. कुमकुम धर के सानिध्य में गुरु-शिष्य परंपरा के तहत शुरू हुई। उनसे कथक की विधिवत शिक्षा लेने के बाद उन्होंने इसी विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की। इसके अलावा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से कथक में एमए और भातखंडे संगीत विद्यापीठ, लखनऊ से विशारद की डिग्री प्राप्त की। भारतीय संस्कृति और इतिहास की गहरी समझ विकसित करने के लिए उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राचीन भारतीय इतिहास में बीए और एमए भी किया। उनकी यही शैक्षणिक पृष्ठभूमि नृत्य प्रस्तुतियों को ऐतिहासिक और बौद्धिक दृष्टि से समृद्ध बनाती है।

राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी बिखेरा हुनर

अपनी भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों से डा. जायसवाल ने देश के कई प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों पर पहचान बनाई है। दिल्ली कथक महोत्सव, स्त्री कथक महोत्सव, गुरु-दक्षिणा सीरीज, भावनगर भारतीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव, लखनऊ की नृत्य परंपरा, मुंबई नृत्योत्सव, लखनऊ महोत्सव और कुरुक्षेत्र के गीता महोत्सव में उनकी प्रस्तुतियां सराही जा चुकी हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारतीय संस्कृति और कथक की छाप छोड़ी है। इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित जवाहरलाल नेहरू भारतीय सांस्कृतिक केंद्र (आईसीसीआर) में शिक्षक सह कलाकार के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने वहां भारतीय शास्त्रीय नृत्य को लोकप्रिय बनाने में योगदान दिया। जकार्ता में आयोजित ‘स्लाइस ऑफ इंडिया’ और ‘क्रॉस कंट्री कल्चर प्रोग्राम’ जैसे आयोजनों में उनकी प्रस्तुतियों को सराहना मिली। इसके अलावा मेक्सिको, ग्वाटेमाला, बेलीज, बोरोबुदुर और बाली में भी उन्होंने कथक के माध्यम से भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया।

शिक्षण और शोध में भी सक्रिय योगदान

नृत्य प्रस्तुतियों के साथ ही डा. जायसवाल शिक्षण और शोध के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय में कथक प्रशिक्षक और रिलायंस स्कूल, वड़ोदरा में शिक्षिका के रूप में उन्होंने नई पीढ़ी को प्रशिक्षित किया है। वर्तमान में वे भातखंडे संगीत विद्यापीठ और अखिल भारतीय गांधर्व महाविद्यालय की परीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। प्रतिष्ठित पत्रिका ‘कला-वसुधा’ में कथक नृत्य पर उनके शोधपरक लेख प्रकाशित हो चुके हैं।

डा. जायसवाल का मानना है कि शास्त्रीय कलाओं को नई पीढ़ी से जोड़ना समय की जरूरत है। यदि युवाओं को सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और मंच मिले तो कला उनके लिए सम्मानजनक आजीविका का माध्यम भी बन सकती है। इसी सोच के साथ वह कथक की परंपरा को आगे बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ निरंतर प्रयासरत हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *