रामनगर किले के समीप की घटना, तीन दमकल गाड़ियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू; सीसीटीवी में आग लगाते दिखे दो युवक
वाराणसी (रणभेरी): नगर क्षेत्र स्थित रामनगर किले के समीप काशिराज परिवार की खाली जमीन पर कूड़े में लगाई गई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने पास में रखी बिजली विभाग के अंडरग्राउंड केबल बिछाने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक पाइप को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब चार लाख रुपये मूल्य की पाइप जलकर राख हो गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना देर शाम करीब आठ बजे की है। किले के मुख्य द्वार के बाईं ओर काशिराज परिवार की पांच फीट ऊंची बाउंड्री के भीतर काफी समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ था। इसी के समीप रामनगर की गलियों में अंडरग्राउंड केबल बिछाने का काम कर रही कंपनी एलएंडटी की लाखों रुपये की प्लास्टिक पाइप रखी हुई थी। आरोप है कि देर शाम कुछ युवकों ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। धीरे-धीरे आग फैलती हुई पास में रखी पाइप तक पहुंच गई और देखते ही देखते पाइप धू-धूकर जलने लगी।

आग की भयावह लपटें उठने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग को बुलाया। आग बढ़ने की आशंका से आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
काशिराज परिवार के सुरक्षाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया कि किले के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दो युवक आग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है।
वहीं, रामनगर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण कूड़े में लगाई गई आग है। तहरीर के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है। उधर, एलएंडटी के कर्मचारियों के मुताबिक घटना में करीब चार लाख रुपये मूल्य की प्लास्टिक पाइप जलकर नष्ट हो गई। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने भी इस मामले में कंपनी की ओर से पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
